Showing posts with label Hindi Poetry. Show all posts
Showing posts with label Hindi Poetry. Show all posts

Monday, 2 January 2017

चिरमित्रा -१


१
युगों-युगों तक तुमसे मिलने को मैं जीवित रहा हूँ 
कुम्हलाती डोर भाप की जोड़े रहेगी जाने कब तक तुम्हारी छाया से  
पिघलती देह में बहकर भी मुझसे छूट जाते तुम तो अच्छा था 

२
मैं ढूँढता हूँ वो शब्द जो कभी कहे नहीं गए 
कहीं किसी पत्थर के नीचे, किसी फ़ॉसिल में खुदे हुए मिलेंगे 
अभिव्यंजना में पड़ी गाँठ मगर देख सकेगा कौन!

३
नींद किसे नहीं ले जाती अगम सुरंगों से होकर 
दुनिया ओ दुनिया ओ बौराती दुनिया 
खो गयी एक तितली तुझमें रंगीन पंखों वाली 

४
जंगल से गुज़रते हुए तुमने किसी जगह का ज़िक्र नहीं किया  
बीता! बीता! बीत गया दिन लो फिर अनबुझ साँझ आयी 
मेरा नाम मुझसे कब तक छुपाकर रखोगी चिरसखि!

५
एक सूरज है जो मेरे ऊपर रखा हुआ है 
एक पहाड़ है जिसे मैं धकेलता हूँ जाने किस ओर, अथक  
तुम्हारी मुस्कुराहट से मुझ पर झरते हैं चम्पा के फूल

६
तुम्हारी आँखों की कल्पना- जहाँ तक कोई सड़क ना जा सकी 
कोरा, असंस्कृत समय, खोलता हुआ, घोलता हुआ निर्ममता से परतें 
आसमान के विषय में कोई राय बनाना मुमकिन है कहाँ! 

७
वो जो एक सूत की चादर से नापता है ज़मीन
तुम्हें भी जानता होगा तुम्हारे पैरों की छाप से 
उतना ही है इतिहास क्या जितना घड़ी में बीता समय?

८
जेठ में भर जाएगा हृदय आषाढ़ के गीतों से 
समेटते भी रहे तो कितना कुछ रह जाएगा अनछुआ 
सब कुछ बीत जाएगा कुछ भी बीतने से बहुत पहले 

९
लिखने को लिख भेजे हैं एक-एक कर मैंने सब भेद अपने 
आधा ही मगर ख़ाली हो सका है अंदरूँ अब तक  
तुम्हें क्यूँ लिखता हूँ ये भेद नहीं जानता    

१०
आह! वह तारा कितना सुंदर, कितना प्यारा 
देख जिसे हमने गाए सब गीत, किया जीवन-रस पान  
हाय! कितने युगों का झुलसा, अनल का बंदी बेचारा 

११
चार बजे अपराहन, यकायक जागकर देखता हूँ
रात एक पिशाच है, जिसने मुझे और तुम्हें निगल लिया है 
मैं सोचता हूँ सुबह होने तक तुमसे छूट जाऊँगा मैं  








Saturday, 2 May 2015

मोज़ीन-१/समय

समय क्या है?
तुम्हारे केश-विन्यास की उलझन?

समय में खोजते हैं हम
एक दूसरे को,
समय चुराकर रख लेते हैं हम
मुट्ठियों में बंद करके

समय से आँखें चुराकर
हम खर्च करते हैं,
हृदय का ताप ,आँखों की नमी
और समय फिसलकर फ़ैल जाता है,
तुम्हारी मुस्कान पर

समय छूटकर बह जाता है,
नदी के तट  से,
गीतों की अविरल धारा में

समय चला जाता है और
नहीं ही मिलता हमे
तलाश में किसकी हम साथ चलते हैं?

एक घडी की टिक-टिक से
समय भर जाता है मुझमे
जीवन भर के लिए
समय में सार्थक हो जाती हैं,
गीत-ग़ज़लें -कवितायेँ
मेरी-तुम्हारी-हमारी

तुम्हारी कलाई पर मैं
समय की अनुपस्थिति के चिन्ह पता हूँ

समय में हम खोजते हैं खुदको,
समय में तलाश ख़त्म होती है

समय क्या है?
क्षणों में युगों की यात्रा कराती,
मेरी हथेली पर अंकित,
तुम्हारी हथेलियों की ऊष्मा?

Wednesday, 22 April 2015

अहम् और अनुभूति

१
मैं तुम्हारी अंतर्ध्वनि नहीं सुन सका
तुम्हारे अस्तित्व के अवलोकन में डूबा,
क्या मेरा समूचा इतिहास एकांगी है?


२
जिस अग्नि से विमुख होकर चला था शहर से दूर
उसके फूटने से वसंत भर आता है पहर-पहर यहाँ
खोज अविरल अविराम किसकी, बुझे हुए पलाशों में?


३
और अंतिम भेंट में इतने अधिक वो गहरा गए
स्वाद-गंध-मर्म, गरिमा जिनकी रखते न बनती थी
हमारा अनुराग, हमारा वैराग, कौन सा सत्य- याद नहीं?


४
यदि सुन सकते तुम मुझे ऐसे,
जैसे वृक्ष एकाग्र हो समीर को सुनते हैं
जैसे तट सुनता है लहरों का उच्छ्वास
तो गाते तुम भी जैसे पक्षी गाते हैं उन्मुक्त भाव से,
जैसे माझी का गीत उठता गिरता है नदी की ताल पे,
और तब प्राण मेरे, तुम्हारे अंतर्-संगीत का पर्याय हो जाते


५
तुम अनुभूति हो, वही रहना, क्या शब्द-चित्रों में तुम्हे बाँधा जाए
वही झिझक, वही फितूर, वही नयनों के जल तरंग निर्दोष समाये
नीरस असाध्य कुम्हलाती कल्पना अपने ही बोझ की मारी
बुनावट की अंतहीन उलझन, मुक्तावस्था पर मिथ्यावस्था भारी
सरल सहज भावों की माला, टूट टूट आज अपवाद सुनाये
अहम् में बंधा कोरा कवि मगर, कहो किस प्रेरणा को गाये ?


६
नूतनता, हाय! नूतनता,
तूफ़ान शांत करती पेड़ों की कतार से अनुराग,
जड़हीन तैरते पौधों की अल्हड ताल पर थिरकना,
मस्तिष्क पटल कोरा-सुन्दर, अनुमेहा- आत्मसंगीत
अनुभव पिघले कांच से पारदर्शी, निक्षेप से क्षणिक
बहाव-उड़ान-मुक्ति-जीवन, सहचर जन्मों के
नूतनता! कितनी सौमिल, हाय! नूतनता


७
जो कहता है मूक होकर कि अबिदीन है वो मेरा
जिसकी शक्ल-ओ-सूरत मिलती है सबसे, मगर नायब है
जिसकी छाया-आकृति उड़ जाती है भाप बनकर, ह्रदय का ताप पाते ही
जिसकी अचरता का गान ढकेलता है शून्य की ओर,
जिसका क्षणिक समर्पण मीठा शब्दजाल है, कोरी कविता है
वो कौन है? किसकी परछाईं का एक सिरा तुम्हारे पास है?






पुराने लोग

पुराने लोग- धीमी पसरती मुस्कान की तरह,
चेहरे पर, गीली मिटटी में 
गहरी खुदी लम्बी छोटी रेखाओं की तरह,
स्वयं को दोहराते ख़्वाबों में झलक भर दीखते,
कभी घंटों बैठे रहते 
बोलते हुए, हँसते-खिलखिलाते, कभी चुप 
कभी आईने के किसी कोने से 
बिम्ब का कोण बदलते 
कभी सडकों पर अनजाने चेहरों में दिख जाते 
कभी धुंध लेते अभिव्यक्ति हमारी आदतों में,
कभी मौन होकर हमारे शब्दों की बीच की जगहों से झांकते 

दिए की परछाईं से ढक चुकी हथेलियों की छाप में,
रियर व्यू  मिरर पर लगे छोटे से अमित धूल के निशान  में,
समुद्र किनारे की रेत की तरह 
छायाओं की छायाओं में, भावों के भावो में 
जब देख सकते हैं हम उन्हें मगर पूछ नहीं सकते-
"कब से बंद हो यहाँ?
कैदी कौन? तुम या मैं?"

पुराने लोग, उन सभी चित्र-गंध-वाणी के बिम्बों में,
जो उतारते-उतारते हृदय में इतने गहरा गए,
की नए लोगों से हम कभी मिल ही नहीं पाये।

कविता और तुम

कविता ख़त्म नहीं होगी,
वह चल चुकी थी गंतव्य के लिए,
सूर्योदय से बहुत पहले

जब तुम्हारे मन में विचार का भ्रूण उपजा था
और उसे लेकर तुम चल रहे थे खुद में,
उसमे अपनी साँसें भरते हुए,
साँचे में ढालते हुए
उड़ते हुए, तैरते हुए
विचारों से उपजे विचारों में,
हवा से हलके, नदी से गहरे

वह पहला शब्द जो तुमने लिखा था,
गहन अनुभूति से पाया
जिसे बाँट सकते थे तुम केवल एक हृदय  के साथ
वह जो आत्मसात कर ले
तुम्हे और तुम्हारी कविता को

इन सबसे बहुत पहले जन्मी थी कविता,
और निकल चुकी थी अपने गंतव्य की ओर ,
गंतव्य जिसे तुम देख नहीं सकते,
जिसकी कल्पना भी नहीं कर सकते

तुम सूर्यास्त को देख सकते हो,
मगर डूब नहीं सकते-
सूर्य की लालिमा के साथ गहरे समुद्र में,
उग नहीं सकते भोर की फुटन के साथ, फ़ैल नहीं सकते
तुम साध नहीं सकते वो गहराइयाँ
जिनसे उपजी तुम्हारी कविता तुम्हे अपनी सी लगती है

कविता श्वास की तरह बहती है
और साथ कर लेती है तुम्हे भी
अपने अंतहीन सफर में क्षण भर का भागीदार बनाकर
और उसमे खोज लेते हो तुम कुछ अपना
नेत्रों के तालाब में अनंत की परछाईं सा

तुम्हारी नश्वरता माध्यम भी है और बाधा भी,
तुम्हारे और तुम्हारी कविता के बंधन की ।

विदा की कविता-3 / अंतिम

और कुछ विचार करने के बाद मुझे लगा,
कि सब सामान नहीं ले जा सकते हम एक शहर से दूसरे तक

 हाँ! कभी भी किसी पलायन में,
सब कुछ नहीं जाता रेल के डिब्बों में बैठकर,
आँखें मूंदे गुज़रते रास्तों से अनभिज्ञ,
रुक जाता एक ऐसी जगह पर जो न इस शहर में है,
न जहाँ हम जाएंगे उस शहर में,
वो गुम हो जाता है कहीं बीच रास्ते में,
थकान से, अनमने से, टूटन से, बेहोशी से
और फिर वो किसी का नहीं रहता,
जो नाम लेकर पुकार ले फिर उसका हो जाने तक

और इस विचार में डूबा मैं भी छूट जाऊँगा
किसी के स्मृतिचिन्ह की तरह,
किसी मित्र की नेत्र-आभा बनकर,
इस शहर से उस शहर के बीच में कहीं,
तुम पुकार लेना मुझे!
अजनबी राह की आवाज़ बनकर,
भटकते राही का सम्बल बनकर।

विदा की कविता -2

पत्तों से खाली, कटीली सी दिखने वाली
पेड़ की डालियों के झरोखे से,
चाँद दिखा नहीं जैसे दिखता है,
चित्रों में, बनावटों में, उपमाओं में,
रूपकों में, कवि की कल्पनाओं में

चाँद खो गया के ख्याल ने
रात को डरावने ख़्वाबों से भर दिया

आँखें मीचते सुबह उठी तो रात ने देखा,
डालियों पर चाँदनी की उजली,
सुनहरी पत्तियां निकली थी

वक़्त मिले तो अगले बसंत तुम
बैगनी फूलों वाले पेड़ की छाया में, या यूँ ही,
चाँद को देखना कभी, गौर से|

विदा की कविता-1

खिड़की से बाहर वाले बागीचे में खिलते हैं कुछ फूल
और फिर स्वभाव से, मुरझाकर सौंप अपने रूप गंध ऊष्मा
धरा में मिल जाते हैं

यह देख झुँझलाकर मैंने तोड़ दिया फूलदान अपना,
जिसमे लम्बे समय से कुछ मृत फूल
बाज़ारू इत्र में सने हुए,
अपनी नकली मुस्कान बिखेरते
पड़े हुए थे, झूठे यौवन की गाथा गाते

उन फूलों को मैं आज सुबह सुबह
एक जीवित कवि के मकबरे पर छोड़ आया।

Tuesday, 24 March 2015

बंधन

चाँद का एक कतरा,
पेड़ के एक तने पर टिका,
हरे पत्तों के बीच बड़ा सब्ज़ दीखता है

चाँद के किनारे घिसकर कोमल हो गए हैं,
मानो पिघलकर बहने लगेंगे
अभी शाखों पर, पत्तों पर

कुछ डालियाँ कटीली सी, झुरमुट बनाये
हवा से हिलती हैं दायें-बाएं
और चाँद को चुभ जाती हैं पोरें उनकी,
चाँद की कोमल देह पर
हवाओं के गान- डालों के नृत्य
के पैटर्न उभरते हैं

और देखते ही बनती है
चाँद की पकी हुई मुस्कान
पेड़ में बुने हुए चाँद के रेशे,
रेशे चाँद के या कि पेड़ के?

हर शाम आसमां से खिड़की तक,
जो दुधिया रास्ता तय करके,
तुम चले आते हो दबे पाँव,
उसका एक सिरा पेड़ की जड़ों में
फंसा मालूम होता है |

Saturday, 21 February 2015

आवाज़ दो



तुम चले ख्वाबगाह से, जाने किस ओर
क्या गर्त में हो? आवाज़ दो

आवाज़ दो
कि तुम्हारी गूँज में मैं सुन सकूं खुद को
और मुझे सुनकर तुम्हे लगे
कि बदल गयी है आवाज़ तुम्हारी
टकराकर गुफा के पत्थरों से

आवाज़ दो
कि हौंसला हो मुझे; कि महज़ आवाज़ ही नहीं,
तुम कुछ और भी हो
या भाप बनकर तुम उड़ भी जाओ
तो आवाज़ रहे बंद होकर, चट्टानों के ह्रदय में

आवाज़ दो
कि आज़ाद हो सकूं मैं
अपनी महत्ता, अपने मामूलीपन के द्वंद्व-भावों से
आवाज़ दो कि तुम्हे छूकर मैं जीवित ख्वाब बन जाऊं
आवाज़ दो कि फूटकर निकली मैं अपनी आवाज़ बन जाऊं

आवाज़ दो कि ख़ामोशी बोलती है,
आवाज़ दो कि तुम हो,
आवाज़ दो बेवजह,
तुम सुन रहे हो न?    

Wednesday, 11 February 2015

हंगामा है

कुछ एक तब्दीलियाँ, होश कहाँ?
खाबीता विसाल बेशाख्ता
लाज़मी है महज़ होना तेरा,
काजल-ओ-पाजेब हंगामा है

कोई चले कोई राहबर हो,
खुदापरस्त या कोई काफिर ही,
हवा चले तो तेरी खुशबू आये,
ज़िक्र-ए-बयान हंगामा है

तू नज़्म है तो फूट कर बह,
किसने रोका है तुझे?
किसका भरम किसकी हया,
शेर-ओ-ग़ज़ल हंगामा है

एक सांस है, एक डोर है,
टूटी चप्पलें हैं, क्या कैफियत?
पैबंद हैं कबसे अपने ही कपड़ों पर,
सीवन का रंज हंगामा है

खोजे किसे कौन, किस घडी?
डूबे तो डूबे तुझमे सारी ग़ज़लें, 
गौर से देखा, दरिया न बयार तुझमे   
तिनकों का शहर है और हंगामा है


 

दवा

तुम कौन हो,
क्या हो, आज फिर सोचा मैंने 
टूटे हुए गीत का अंतरा? नहीं
आधे चाँद से निकली शीतल चांदनी? नहीं
आसमान के मुख पर बेढब फैला काजल? नहीं
उलझी हुई आँखों की बेफर्क हंसी? नहीं
साँसों की मुक्तक डोर, या अंग जिजीविषा का? 
श्वेत का सुकून, नील का फैलाव,
या तूफ़ान शांत करती पेड़ों की कतार?
नहीं! तुम इनमे से कुछ भी नहीं,
यदि तुम कुछ हो तो मेरी दवा
तुम भी सोचोगे, क्या महज़ दवा ? 

हाँ, ये सारी उपमाएं, सारा विस्तार,
ये गहराइयाँ, ये सत्य की तलाश
ये थकान, टूटन और धुप छाँव 
ये लोग-बाग़, ये उलझन-सुलझन,
स्नेह, अनुराग, अनुभूति- आभास
कच्चे-पक्के मांझे से बंधन,    
नींद, सुन्दर सपने,डरावने ख्वाब
शोर-संगीत,चकाचौंध और एकाकीपन,  
मुझे जब तब बीमार कर देते हैं,

तुम आते हो, और ह्रदय स्वतः ही खुल जाता है,
बह निकलती हैं सारी दुविधाएँ, पीडाएं 
और रक्त अणु थोड़े से नए हो जाते हैं,  
कुछ वक़्त लगेगा इन्हें फिर से पुराना होने में,
मुझे मालूम है, तुम मिलोगे मुझे इसी तरह,
फिर किसी शाम की खुराक बनकर|  

चाँद और जंजीरें

टिमटिमाते तारों की फुसफुसाहट में,
सुना है, चाँद रात के दामन में छिपा,
अब रात हो चुका है,
वो आधे-पौने खिलौने, चाँद से दिखने वाले
अब टूट चुके हैं, मिल चुके हैं शीत धरा की मिटटी में,
कोई खिड़की की जाली से एकटक देख रहा है आसमाँ की ओर,
इन सबके बीच आज अचानक यूँ ही,
रात अपने ही अँधेरे से ऊब गयी,
बहुत बरसों में पहली मर्तबा लगा है जैसे,
रात स्याह न रही, शादाब हो गयी है
आज अँधेरा छटने से पहले,
इसकी जंजीरें खुल चुकी होंगी |

संबल

मुझे याद है उस शहर से मेरा जाना,
वो कूचे में आखिरी मुलाकात हमारी,
मौन में गूंजती धडकनें,
वो तो बस आँखें थी जो जमी रही,
शब्द होते तो चरमराकर टूट जाते,
फिर तुमने रुमाल में बंधकर कोई तोहफा दिया मुझे,
बस इतना कहा- यह है तुम्हारा 'संबल';
फिर चुप्पी में, मायूसी में, एकाकीपन में, अजीजों के बीच
ख़ुशी में, जलने-बुझने में, ऊँचाई पर और गर्त में,
मेरे साथ रहा वो उपहार तुम्हारा,       
रुमाल में पड़ी वो गिरहें कभी मैंने मगर खोली नहीं,
कहीं कुछ मामूली सा सामान न बाँध दिया हो तुमने आनन-फानन में,
कहीं बेमानी न हो जाएँ वो सारे बंधन,
जो बुने हुए हैं, इस रुमाल के रेशों में परत-दर-परत  
कहीं गिरहें खुलते ही अपनी महानता के तले दबकर,
वजूद न खो दे 'संबल' मेरा|

कांच का परिंदा

कांच का परिंदा,
यूँ ही पंख फडफडाता है,
आँखों में आसमां,
और उड़ने से घबराता है

डरता है कहीं चकनाचूर हो ना जाएँ,
पंख उसके हवा के थपेड़ों से टकराकर
कहीं बदलते मौसम उड़ा न ले जाए,
किसी अजनबी देश उसे,
कहीं झाँक ना ले कोई पारदर्शी पर्दों से,
जान न ले मन की कहानी,
कहीं आंक न ले कोई साथी खोया वाशिंदा उसे,
कहीं भांप ना ले हवाएं कमसिन कांच का परिंदा उसे

इसलिए पिंजरे में बंद वो,
किसी म्यूजियम में गीत गुनगुनाता है,
लोगों के कौतुक में क्षण भर ही सही,
वो उड़ान की कशिश भूल जाता है,

मगर कुछ आँखें हंसती नहीं उस पर,
केवल सवालात करती हैं,
तब अनंत के ख्वाब को वो चुपके से सहलाता है,
किसी रोज़, हाँ किसी रोज़, सब बंधन तोड़कर
स्वच्छंद, उसे कल-कल बहते कांच में ही मिल जाना है,

पर तब तक वो कांच का परिंदा,
यूँ ही पंख फडफडाता है,
आँखों में आसमां,
और उड़ने से घबराता है

Wednesday, 10 December 2014

ग़ज़ल



महज़ चलने से हो कम जो ये दूरियां जाना
तेरे कूचे में, पैरों के छालों को सबा मिलती

चाशनी में डुबोये तेरी रूह के चंद सब्ज़ कतरे,
तेरी खुशबू में भिगोई आब-ओ-हवा मिलती

नीम के ज़र्द पत्ते जो ख़त में लिपटे मिलें कभी,
बेइलाज सही, वल्लाह! इस मरीज़ को दवा मिलती

प्यास बुझे शबनम की, गुलशन में रानाई आये  
टूटे पत्तों में बेरंग खिज़ा, माह-ओ-साल जवां मिलती    

तेरे ज़िक्र से मुसलसल हाय! लहरें उठे चनाब में,
छूकर गयी तुझे खोने से, तेरे होने से कहाँ मिलती? 

महज़ चलने से हो कम जो ये दूरियां जाना
तेरे कूचे में, पैरों के छालों को सबा मिलती

Tuesday, 9 December 2014

वजूद



याद है तुम्हे पानी की वो परतें,  
जो घाट की खूटों से बाँध दी थी हमने,  
और सर्द रातों में उनके बर्फ हो जाने पर,
 इक सुबह चन्दन की लकड़ी से खुरचकर  
जो आँखें बना दी थी तुमने,  
और मौसम-दर-मौसम उन परतों पर और परतें,  
फिर और परतें जमती गयी,

उन सर्द रातों में,  
पानी का एकाकीपन, हम कहाँ?  
जेठ की तपिश में,
 बर्फ चश्म-ए नम, हम कहाँ?
निगाहें कब मिलीं, कब फ़ज़ा का तिलिस्म टूटा ?

सुना है बह गयीं वो जंजीरें,  
और वो खूंटे  जो सहेज कर रखे हुए थी,  सारी धरोहरें मौसम की 
 बर्फ की आँखें भी पिघली, और सब परतें, जंजीरें भी
रेत पर मौसमों की हथेलियों की छाप भेज रहा हूँ,  
वक़्त मिले तो बहते पानी का वजूद लिखना |

Tuesday, 18 November 2014

पर्दा


वो सर्द रातें जिनमे कि,
तुम्हारी ओस से भीगी हुए पलकों की उलझन,
का मुआयना कर लिया करते थे खिड़की से,
बागीचे के पौधे ,और उनपर लगे ज़र्द फूल
और सुनते थे ग़ज़लें पुराने टेप में बजती हुई,
पर्दा पर्दा न था, ज़रिया था

और गुफ्तगू में कई बार,
हवा से लहराता वो पर्दा,
राज़ कह जाता अपनी बुनतर के,
सूत के रेशों में रंगरेज़ का खुमार,
और दरवाज़े, खिडकियों से मिलने की झिझक 
खूटियों पर टंगे रहने से हथेलियों पर पड़े छाले
और बागीचे से मिलकर, एक चिड़िया,
एक फूल बन जाने की जगी-सोयी हसरतें
पर्दा पर्दा न था, अज़ीज़ था

मेरी रूह की पड़ताल हो तो अब कुछ परदे निकलें,
रंग-ब-रंगे, तह-दर-तह लपेटे हुए, बुने हुए मेरे होने में,
उन पर्दों से ढक दी जाएँ वो ओस से धुंधली हुई खिड़कियाँ
और वो ज़बरन भीतर आते बागीचे, मुझे देखकर बेवजह मुस्कुराते
वो बसंत-खिज़ा के बेगैरत फूल, मेरे वजूद के कतरे चुराते
अब छुप जाएँ तुम्हारे दस्तखत और तुम्हारी खुशबू में,
तुम पर पड़े पर्दों में, या तुम्हारे पर्दा हो जाने में |

Wednesday, 5 November 2014

एक कागज़ का टुकड़ा

वो कागज़ का टुकड़ा जीवित था उस लिखावट को संगीत मानकर,
बेढब हाथों से उस पर थी कुछ अर्थहीन लकीरें खिंची हुई,
वो नज़्म नज़्म कहता था, सब शब्द शब्द सुनते थे 
हर व्यंग्य भरी हंसी थोडा सा मिटा देती थी उन लकीरों का अस्तित्व 
हर तिरस्कार रत्ती भर खा जाता था उस कोरे कागज़ की जिजीविषा 
इक रोज़ इक अँधा फ़कीर आया और ले गया उसे साथ अपने,
वो कलम, दवात, लकड़ी की तख्ती, 
वो पुरानी किताबें, वो पीले पन्ने, वो टूटा लालटेन 
वो स्लेट, श्यामपट्ट और गुरूजी के कमरे का टेढ़ा दरवाज़ा,
वो गीत, ग़ज़ल ,कवितायेँ, कहानियाँ, नाटक और हकीकत 
सब अर्थहीन बन गए शब्दों के अभाव में,
एक कागज़ के टुकड़े पर बेढब खिंची लकीरों की,
मोहताज हो गयी समस्त वर्णमाला|

Thursday, 18 September 2014

आत्मबोध

आज सुबह उठकर,
बेसुध कलम को जगाया सलीके से,
थके-मांदे राही की कच्ची नींद का टूटना,
देखता रहा कुछ क्षण मुस्कुराता,
फिर एक कविता लिखी, आज पहली मर्तबा खुद पर
उसे पढ़ा मगर मैंने तो अवाक रह गया,
वही आखें, वही उलझी लटें, वही बेढब फैला काजल
यह मेरी पुरानी कृतियों से बिलकुल भी अलग नहीं थी

तुम जो उतर आते थे मेरी रचनाओं में,
क्या मेरे अहम् के पहलू मात्र थे?
क्या तथाकथित वह प्रेम मेरा, संकरा, उथला,
मेरे कृतिम अधूरे स्व की पूर्ति का साधन मात्र था?
आज निरर्थक, जड़ हो गए इस एक ख्याल से,
सारे श्रेष्ठ, पवित्र, मनोभाव मेरे
पूछना बेमानी है- क्या तुम हो?